पीडीडीयू नगर। वसंत पंचमी दस फरवरी को है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। मां सरस्वती की पूजा अर्चना के लिए पंडाल बनाने में युवा जुट गए है। वहीं नगर के नईबस्ती स्थित मूर्ति कारखाने में सरस्वती प्रतिमा आकार लेने लगी है। विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को होती है। इस वर्ष दस फरवरी को मां सरस्वती की पूजा की जाएगी। इसकी तैयारी में युवा जुट गए हैं। नगर में तीस से अधिक स्थानों पर युवा पंडाल बनाकर पूजा अर्चना करेंगे। इसी तरह पूरे जिले में जगह जगह युवा चंदा काट रहे हैं और पूजनोत्सव की तैयारी में जुटे हैं। दूसरी तरफ नगर के नई बस्ती स्थित कुम्हार बस्ती में पांच सौ से अधिक मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है। मूर्तिकार दुर्गा प्रजापति, अजय प्रजापति आदि ने बताया कि पूरा परिवार माता की मूर्ति तैयार करने में जुटा है। यहां से नगर के साथ अलीनगर, चकिया, चंदौली, सकलडीहा, नौगढ़, शहाबगंज के साथ रामनगर, वाराणसी आदि में जाएगी।