चंदौली। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर स्वच्छता कार्यक्रमों की हकीकत जानने और योजनाओं की जानकारी लेने के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंची। वहां कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों से स्वच्छता कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान डीपीआरओ की ओर से दी गई अधूरी जानकारी पर कड़ी आपत्ति जताई और तीन दिन के अंदर रिपोर्ट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाह सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और शासन की ओर निधार्रित मानकों के तहत उन्हें सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय आयोग की सदस्य ने डीपीआरओ से जिले में तैनात ग्रामीण सफाई का जातिवार आंकड़ा मांगा। लेकिन डीपीआरओ ने अपने लिपिक के बीमार होने की बात कहा मामले को टालना चाहा। जिसपर उन्होंने डीपीआरओ को कड़ी फटकार लगाई और हिदायत दी कि गंभीरता पूर्वक कार्य करें। कहा कि गांवों में तैनात सफाई कर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें। शिकायत मिलती है कि सफाई कर्मचारी अपने जगह दूसरों से कार्य कराते है। ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों से भी नगरों की साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। कहा कि मानदेय पर नियुक्त सफाई कर्मियों को 259 रुपये के स्थान पर श्रम विभाग की ओर से निर्धारित 295 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाय। आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त सफाई कर्मियों के ईपीएफ की कटौती की जानी चाहिए। इसके अलावा उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य कैंप आयोजित करने पर भी जोर दिया। पात्रों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने व जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया। इस दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि योजनाओं की लगातार समीक्षा की जाती है। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। बैठक में एसपी संतोष कुमार सिंह, सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, सीएमओ डा. पीके मिश्रा, डीआईओएस डा. विनोद राय, समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह उपस्थित रहे।