चंदौली। ठंड बढ़ने से मरीज बढ़ गए हैं। इसके चलते मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में हृदय, वायरल फीवर, सांस और दमा के मरीजों की संख्या अधिक रही। वहीं चिकित्सकों की राय में ऐसे में बीमारियों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जहां पहले ओपीडी में प्रतिदिन आठ सौ मरीज आते थे, अब वह बढ़ कर एक हजार के पार हो गए हैं। ज्यादातर वायरल बुखार, कोल्ड डायरिया, मलेरिया व सांस संबंधी बीमारी के साथ हार्ट के मरीज बढ़ हुए हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. संजय कुमार व डा. आरके वर्मा ने बताया कि ठंड के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है। यह सांस के रोगियों के लिए काफी नुकसान दायक होती है। नमी के चलते हवा में धुआं व गंदगी की मात्रा अधिक होती है। यह सांस के माध्यम से शरीर में जाकर परेशानी बढ़ा सकती है। बदले मौसम में त्वचा संबंधी परेशानी भी बढ़ सकती है। ऐसे में मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।
इनसेट
बच्चों का रखें विशेष ध्यान
बाल रोग विशेषज्ञ डा. रियाज खा व डा. वीके वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट हो रही है। दिन में तापमान घट-बढ़ रहा है। बच्चों का शरीर काफी संवेदनशील होता है। ऐसे में उनका विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं। बच्चों में खांसी, बुखार अथवा दस्त की शिकायत होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें।
इनसेट
क्या बरतें सावधानी
मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। रात में कंबल ओढ़ कर सोएं। ठंडा पानी पीने से परहेज करें। अधिक देर तक धूप में न रहें। सांस रोगी सुबह-शाम मास्क लगाकर घर से बाहर निकलें व हृदय रोगी अचानक ठंड के संपर्क में आने से बचें।