पीडीडीयू नगर। पीपुल्स लिबरेशन आफ गुरिल्ला आर्मी भाकपा माओवादी संगठन अपने प्रभाव वाले पांच राज्यों से दो से आठ दिसंबर तक स्थापना दिवस मना रहा है। नक्सलियों के स्थापना दिवस मनाने की घोषणा के बाद पूर्व मध्य रेलवे के स्थानीय मंडल में हाई एलर्ट जारी किया गया है।
मुगलसराय मंडल का अधिकांश हिस्सा बिहार और झारखंड में पड़ता है। यहां नक्सलियों का प्रभाव अधिक है। नक्सलियों ने स्थापना दिवस पर कोई विशेष हिदायत नहीं दी है लेकिन रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रेलवे ने पूरे मंडल में हाई एलर्ट जारी किया है। इस संबंध में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एसके सिंह ने कहा कि माओवादियों के स्थापना दिवस मनाने की घोषणा के मद्देनजर राज्य पुलिस के आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बताया कि आरपीएफ के सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों को सुरक्षा के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। इस दौरान रेलवे स्टेशन, ट्रैक, ओवरब्रिज, क्रासिंग पर सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। राज्य पुलिस के साथ खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।