सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन होगा। मंगलवार को मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. उदयशंकर झा और सहायक चुनाव अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय ने चुनाव के लिए दिशा निर्देश जारी किए। वहीं एसडीएम, सीओ और कोतवाली पुलिस ने भी नामांकन की तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि सुबह 10 से शाम के चार बजे तक प्राचार्य कक्ष में नामांकन की प्रक्रिया होगी। इसके लिये दो टेबल लगाए गए हैं। प्रथम टेबल पर नामांकन फार्म का वितरण व दूसरे पर उन्हें जमा किया जाएगा। प्रत्याशियों को नोटरी हलफनामे के साथ नामांकन करना होगा। दो नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच व तीन नवंबर को एक बजे तक नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। 10 नवंबर को मतदान, मतगणना व शपथ ग्रहण का कार्यक्रम निर्धारित है। बताया कि लिंगदोह कमेटी के सिफारिशों के अनुसार चुनाव कराया जाएगा। इस मौके पर उप प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार उपाध्याय मौजूद रहे।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा उदयशंकर झा ने बताया कि नामांकन करने वाले प्रत्याशियों को जन्म तिथि प्रमाण पत्र, शुल्क प्रमाण पत्र, परिचय पत्र की छाया कॉपी के साथ उपस्थिति पत्र, प्रस्तावक का प्रस्ताव पत्र, समर्थक का समर्थन पत्र के साथ प्रतिभूति राशि, घोषणा पत्र व दस रुपये के स्टाम्प पेपर पर हलफनामा देना होगा। इसके साथ को मोबाइल नंबर के साथ अपना ई मेल आईडी भी लिखना पड़ेगा। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए पांच सौ, उपाध्यक्ष के लिए चार सौ, महामंत्री के लिए तीन सौ, पुस्तकालय मंत्री के लिए दो सौ और कला संकाय प्रतिनिधि के लिए सौ रुपये की प्रतिभूति राशि देय है।