टांडाकला। बिजली की अंधाधुंध कटौती से इस भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज व दिन-रात कटौती से परेशान हो गए हैं। बिजली की आवाजाही से इसका असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है।
बिजली के लो वोल्टेज के कारण नलकूपों के नहीं चलने से सिंचाई नहीं हो पा रही है। खेतों में धान व सब्जियों की फसल पानी न मिल पाने से सूखने की कगार पर पहुंचने लगी हैं। वहीं दूसरी तरफ बिजली न रहने से लोग रात में चैन से सो भी नही पा रहे हैं। स्थिति को लेकर ग्रामीणों व किसानों में नाराजगी है। मारुफफपुर व चहनियां स्थित विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े दर्जनों गांवों में लो वोल्टेज व दिन-रात हो रही कटौती से बमुश्किल सात से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। जबकि ग्रामीण इलाके में 18 घंटे आपूर्ति की जानी है। इससे किसानों व ग्रामीणों की मुश्किल बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।