मुगलसराय। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक जेपी रावत के प्रथम जनपद आगमन पर शुक्रवार को मुगलसराय, सकलडीहा, शहीदगांव और धानापुर सहित विभिन्न जगहों पर शिक्षकों द्वारा ढोल नगाड़े के साथ गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलाव के अनुसार शिक्षण कार्य करने पर जोर दिया।
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह में सम्मानित होने के पश्चात पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक जेपी रावत के गृह जनपद में प्रथम आगमन नगर स्थित काली मंदिर के पास नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश जायसवाल के नेतृत्व में शुभ चिंतकों ने ढोल नगाड़े बजा और फ़ूल मालाओं से स्वागत किया। सकलडीहा में सह समन्वयक जय नारायण यादव के नेतृत्व मेंअध्यापकों ने माला-फूल पहनाकर अभिनन्दन किया। इसी प्रकार शहीदगांव में भी अभिनन्दन किया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय डेढ़ावल में प्रधान प्रतिनिधि मनोज चौहान एवं प्रधानाध्यापिका सुनयना देवी के नेतृत्व में स्काउट के बच्चों द्वारा स्वागत किया गया । धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय महाविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रवक्ता डा. सुबाष राम के नेतृत्व में माल्यार्पण कर स्वागत किया। जेपी रावत के जन्मभूमि धानापुर पहुंचते ही ढोल नगाड़ा बजा स्वागत किया गया। अंत में स्कालर्स पब्लिक स्कूल धानापुर में आयोजित अभिनन्दन समारोह में वक्ताओं ने जेपी रावत के शिक्षण कार्यों को सराहा। इस दौरान खान मोहम्मद अनीस, ज्ञान प्रकाश रावत, परवेज खान, डा. रवि प्रकाश मिश्रा, इरफ़ान मंसूरी, जैद खान, अशोक पाल, राम उचित रावत, संजय गुप्ता, राममधनी रावत, आशीर्वाद तिवारी, आनंद तिवारी, रुपेश कुमार सिंह, विजयी चौहान आदि मौजूद रहे।