पीडीडीयू नगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए शासन को भेजे गए 1.93 करोड़ रुपये के अतिरिक्त प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसके पूर्व शासन ने इस कार्य के लिए आठ करोड़ सात लाख रुपये स्वीकृत किए थे। इस धनराशि से नगर पालिका सलेमपुर में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। वर्ष 2025 की शुरुआत तक प्लांट के शुरू किए जाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
नगर के 25 वार्डों से हर रोज 49 टन कूड़ा निकलता है। जिसमें गीला व सूखा कूड़ा शामिल है। पालिका की ओर से कूड़े को अब भी दूरदराज के क्षेत्रों में फेंका जाता है। जबकि सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सलेमपुर में एमआरएफ (मेटेरियल रिकवरी फेसिलिटी) सेंटर लगभग बनकर तैयार है। हालांकि एमआरएफ सेंटर तक जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। वहीं सेंटर में मशीनें लगना भी बाकी हैं। नगर पालिका ईओ ने इसे अक्तूबर माह के अंत तक शुरू कराने की बात कही थी। इसी क्रम में शासन ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 1.93 करोड़ का अतिरिक्त प्रस्ताव भी स्वीकृत कर लिया है। जबकि इसके पूर्व आठ करोड़ सात लाख रुपये स्वीकृत किए थे। सलेमपुर में इस नए प्लांट के लग जाने से गीले कूड़े को प्रोसेस करके खाद बनाया जाएगा।
प्रोसेसिंग यूनिट में लगेंगी कई मशीनें
पीडीडीयू नगर। गीले कचरे के निस्तारण के लिए बनने वाले प्रोसेसिंग यूनिट में विभिन्न प्रकार की मशीनें लगाई जाएंगी। इसमें वर्मी कंपोस्ट, बायो मेथिनेशन, कंपोस्ट मशीन व ट्रोल मशीन समेत लगभग सात से नौ प्रकार की मशीनें लगाई जाएंगी। ट्रोमल मशीन गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग करेगी। इसके बाद कचरे के निस्तारण के लिए आगे की प्रक्रिया चलेगी। संवाद
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए स्वचछ भारत मिशन के तहत 1.93 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन की ओर से स्वीकृत किया गया है। इसके पूर्व शासन ने प्रोसेसिंग यूनिट के लिए 8.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। वर्ष 2025 की शुरुआत तक यूनिट शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। - कृष्णचंद्र, ईओ, नगर पालिका, पीडीडीयू नगर