बुलंदशहर। 24.5 लाख रुपये की लागत से जिला पंचायत की ओर से पार्क का निर्माण कराया जाएगा। नगर के काला आम के पास स्थित मॉल के सामने स्थित ग्रीन लैंड पर पार्क बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।
जिला पंचायत मॉल के सामने दुकानों के ध्वस्तीकरण के बाद जमीन खाली पड़ी थी। इस जमीन पर पार्क बनाने के लिए लंबे समय से प्रक्रिया चल रही थी। खाली पड़ी जमीन पर विभिन्न दुकानदार व ठेला संचालक भी अपना व्यापार शुरू कर रहे थे। ऐसे में जमीन को कब्जे से बचाने के लिए जिला पंचायत की ओर से जमीन पर पार्क बनाने के लिए काम शुरू कराया गया है। पार्क के निर्माण पर करीब 24.5 लाख रुपये खर्च होने हैं।
अधिकारियों ने इसके लिए टेंडर जारी करते हुए पहले चरण में जमीन की चार दीवारी शुरू कराई है। चार दीवारी का कार्य पूरा होने के बाद इस जमीन पर पार्क बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने बताया कि पार्क बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। चहारदीवारी के बाद जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।