चोला। थाना क्षेत्र के गांव कादिलपुर के बाहर सरकारी ट्यूबवेल के पास शनिवार रात करीब नौ बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सड़क किनारे लहूलुहान पड़े युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त सोनू शर्मा निवासी गांव वैर थाना ककोड़ के रूप में हुई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इनके आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने के प्रयास किया जा रहा है। हालांकि देर रात तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि रात करीब नाै बजे चोला स्टेशन-खुर्जा मार्ग पर गांव कादिलपुर के बाहर सरकारी ट्यूबवेल के पास उन्होंने एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। युवक के सिर से खून बह रहा था, इससे पता चला कि उसे गोली मारी गई है। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी और सीओ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक सोनू शर्मा ककोड़ क्षेत्र के गांव वैर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि चोला क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक से उसकी गहरी दोस्ती थी। उसके पास वह अक्सर जाता था। पुलिस अब इनकी दोस्ती और सोनू की हालिया गतिविधियों के एंगल से गहनता से जांच कर रही है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही राजफाश कर दिया जाएगा।