बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर के निकट बीते दिनों सड़क हादसे में घायल हुए युवक की बृहस्पतिवार देर रात उपचार के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों के परिजनों ने आर्थिक मदद की मांग करते हुए बुलंदशहर बदायूं हाईवे पर जाम लगा दिया।
देहात कोतवाली के गांव मिर्जापुर निवासी 35 वर्षीय संजय गत 3 मई को पैदल अपने घर की तरफ जा रहे थे। गांव के निकट ही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल से गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां बृहस्पतिवार देर रात उनकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग व आरोपी कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे देहात कोतवाल ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। देहात कोतवाल ने बताया कि करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति रही। परिजनों को उचित मदद का आश्वासन देते हुए जाम खुलवा दिया गया।