औरंगाबाद। औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव इलना निवासी युवक की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि जहांगीराबाद सीएचसी में समय पर उपचार न मिलने के कारण घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
इलना निवासी 35 वर्षीय सतेंद्र उर्फ बॉबी शनिवार शाम बाइक से अपनी पत्नी नीतू और बेटी गुड़िया को लेकर ससुराल अलीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वह जहांगीराबाद स्थित दी किसान सहकारी चीनी मिल के पास पहुंचे, तभी अनूपशहर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। पत्नी और बेटी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में एक घंटे तक कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था, जिससे घायल तड़पते रहे। घायलों की हालत बिगड़ती देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही सतेंद्र ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घायल मां-बेटी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। जहांगीराबाद कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। संवाद