बुलंदशहर। नगर के मोतीबाग निवासी एक युवक से पड़ोसी द्वारा प्लॉट बेचने के नाम पर 14.10 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला मोतीबाग निवासी मनीष अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनके पड़ोसी ब्रजमोहन जायसवाल ने कुंज गली मोतीबाग स्थित अपने प्लॉट को बेचने के लिए सौदा किया था। उनके द्वारा 53,500 रुपये प्रति गज की दर से कीमत तय की थी। इसके बाद 24 नवंबर 2022 को बतौर बयाना आरोपियों को तीन लाख रुपये नकद दिए थे, जबकि 25 नवंबर 2022 को अपने खाते से सात लाख रुपये ब्रजमोहन के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 26 नवंबर 2022 को 60 हजार रुपये नकद, 16 जनवरी 2023 को बैंक खाते से 3.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोपियों को कुल 14.10 लाख रुपये दे दिए। जिसके बाद उन्होंने प्लॉट के इकरानामा के लिए कहा तो आरोपी ब्रजमोहन ने एक माह में बैनामा करने का आश्वासन दिया। बार-बार कहने के बाद भी समयावधि में बैनामा नहीं किया गया।
इसके बाद जब आरोपियों पर शक हुआ तो उन्होंने इस संबंध में जांच पड़ताल की। जिसमें पता चला कि आरोपी ब्रजमोहन ने अपने भाई कृष्णगोपाल जायसवाल से मिलकर सिविल न्यायालय में उक्त प्लॉट के संबंध में वाद दायर करा दिया। इसके बाद आरोपी ने प्लॉट का बैनामा भी कराने से इन्कार किया। आरोप है कि चार मई को आरोपी से जब रुपये वापस मांगे तो आऱोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। एएसपी ऋजुल ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपी ब्रजमोहन, कृष्ण गोपाल जायसवाल, राहुल जायसवाल व सूर्यांश जायसवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जल्द ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।