बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र में चांदपुर अंडरपास के नजदीक रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक ककोड़ क्षेत्र क्षेत्र के गांव दस्तुरा का रहने वाला था। हादसे के वक्त कान में ईयरफोन लगा रखे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने युवक द्वारा खुदकुशी किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार दोपहर को चांदपुर अंडरपास के नजदीक रेलवे ट्रैक पर कुछ लोगों ने एक युवक को शनिदेव मंदिर की ओर से स्टेशन की ओर पैदल जाते हुए देखा। उसी दौरान ट्रैक पर बुलंदशहर की ओर से गुलावटी की ओर जाने वाली ट्रेन आते हुए देखकर लोगों ने शोर मचाकर युवक को आगाह करने का प्रयास किया। एक महिला ने युवक के नजदीक पहुंचकर शोर मचाया, जिस पर युवक ने उसकी तरफ देखकर उसके इशारे को अनसुना कर दिया। अचानक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की जांच में मृतक की पहचान ककोड़ के गांव दस्तूरा बिछान निवासी केशव कुमार के रूप में हुई। आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि हादसे के वक्त युवक के कान में ईयरफोन लगे थे। ट्रैक के समीप ही रहने वाली एक महिला ने शोर मचाकर उसे पटरी से हटने का इशारा भी किया। युवक ने ट्रेन को आते हुए देख लिया था, लेकिन वह ट्रैक से नहीं हटा। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की है। नगर कोतवाल ने बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। प्रारंभिक तौर पर घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव
खुर्जा। अरनिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम को कमालपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। जिसके सूचना उन्होंने पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश की। लेकिन, शिनाख्त न होने पर शव को अज्ञात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आ रहा है कि युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हुई है।