ऊंचागांव। क्षेत्र के गांव अमरगढ़ में झोलाछाप की दुकान पर अवैध अल्ट्रासाउंड का संचालन करने की शिकायत पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की। इसकी सूचना की भनक लगते ही संचालक दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस को मौके पर बुलाकर दुकान को सील कराया।
गांव अमरगढ़ में बस स्टैंड के निकट बिना नाम के अल्ट्रासाउंड समेत झोलाछाप की दुकान पर एक्सरे व थेरेपी मशीन का संचालन करने की विभागीय अधिकारियों को शिकायत की गई। इसकी शिकायत मिलते ही एसीएमओ डॉ. गौरव सक्सेना शनिवार को टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम के पहुंचने की भनक लगते ही संचालक दुकान को बंद कर कर मौके से भाग गया। एसीएमओ ने पुलिस को मौके पर बुलाकर दुकान का ताला तुड़वाया और अंदर अल्ट्रासाउंड मशीन की तलाशी शुरू कराई लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तलाशी में अल्ट्रासाउंड की मशीन नहीं मिली। दुकान में एक्सरा और थैरेपी मशीन मिली, जिन्हें टीम ने कब्जे में ले लिया और दुकान को सील कर दिया।
एसीएमओ डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि अल्ट्रासाउंड की अवैध मशीन का संचालन करने की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी लेकिन दुकान पर अल्ट्रासाउंड की मशीन नहीं मिली है। दुकानदार दुकान को बंद कर भाग गया था। यहां मिली एक्सरे व थेरेपी मशीन को कब्जे में लेकर दुकान को सील कर दिया गया है। साथ ही आगामी जांच जारी रहेगी।