500 और 1000 के नोटों की बंदी के बाद अबकी संडे भी वर्किंग डे में तब्दील हो गया। बैंक और एटीएम के सामने ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही। दोपहर दो बजे के बाद शहर के अधिकांश एटीएम खाली हो गए। इससे आम आदमी की फजीहत और भी बढ़ गई। सोमवार को बैंक बंद रहेंगे। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
सिविल लाइन स्थित पीएनबी शाखा के बाहर सुबह से शाम तक नए करेंसी नोट निकालने, पुराने करेंसी नोट जमा कराने के लिए लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा। देखते ही देखते डीएम रोड, लल्लाबाबू रोड, भूड़, काली नदी रोड स्थित पीएनबी, एचडीएफसी, एसबीआई, आईसीआईसीआई, सिंडिकेट बैंक, केनरा बैंक,
ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स समेत अधिकांश बैंक शाखाओं के बाहर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। कई बार कतारों में खड़े लोगाें की पुलिस और बैंक स्टाफ से नोकझोंक भी हुई। खुर्जा में भी बैंकों और डाकघरों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
हाइवे पर एनएच प्लाजा, कचहरी रोड, मंदिर मार्ग स्थित बैंकों पर सुबह बैंक खुलने से पहले लोग पहुंच गए। बैंक खुलने पर सुबह दस बजे तक लोगों की लंबी कतारें लग गई। भीड़ उमड़ने के कारण कई बार शहर में जाम की स्थित रही। व्यवस्था संभालने के लिए तैनात पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ी।
मंगलवार से आधार या पैन ही होगा मान्य !बुलंदशहर। सोमवार की बंदी के बाद मंगलवार को बैंक खुलेंगे तो उनमें कैश एक्सचेंज के लिए आधार कार्ड या पैन कार्ड ही पहचान के लिए वैध दस्तावेज माना जाएगा। लीड बैंक के अफसर सतपाल मलिक ने बताया कि ऊपर से मिले निर्देशों के तहत ऐसा किया जा रहा है। इसकी सूचना बैंकों को भेज दी गई है।
परचून व्यापारियों ने दुकानें रखी बंद
कस्बे में परचून की दुकानों पर सामान खत्म होने तथा नोटों की कमी के चलते सामान नहीं मिलने के कारण अधिकतर परचून व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।कस्बे के व्यापारी पिछले कई दिनों से छोटे नोट की किल्लत से परेशान थे।
अब सामान खत्म होने के कारण रविवार को स्थिति कुछ ज्यादा ही खराब हो गई। नतीजा परचून व्यापारियों को बाजार बंद रखना पड़ा।
जहांगीराबाद में सराफा बाजार बंदसोने-चांदी के भाव अस्थिर रहने व दिल्ली मे स्वर्णकारों के ठिकानों पर छापे पड़ने की सूचना पर नगर के सभी सराफा व्यापारियों ने रविवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। उन्होंने कहा कि बड़े नोट के चलन पर रोक लगने के कारण बाजार मे लगातार हो रहे चांदी व सोने के भावों मे उतार चढ़ाव के कारण प्रतिष्ठान बंद रखे हैं।