खानपुर क्षेत्र के गांव श्यौरामपुर में हुई घटना की ग्रामीणों से जानकारी लेते अधिकारी। स्रोत: ग
खानपुर। श्यौरामपुर गांव में रविवार रात मजदूर राजू व सुखवीर उर्फ सुखना की हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय राजू की माैत हो गई, दूसरे को हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर किया गया है। मामले को लेकर ग्रामीणोें ने जमकर हंगामा किया। बताया गया कि दोनों मजदूरों ने दोपहर तक गांव में मच्छर और कीड़े-मकोड़े मारने की दवा का छिड़काव कराया था। छिड़काव के बाद दोनों ने शाम को शराब भी पी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के पति अमित कुमार ने राजू और सुखवीर उर्फ सुखना से गांव में जिस दवा का छिड़काव कराया था, वह एक्सपायरी डेट की थी। दोपहर तक छिड़काव करने के बाद शाम को दोनों मजदूर सौंझना झाया चले गए थे।
वहां स्थित ठेके पर दोनों ने शराब पी थी। वहां से देर शाम लौटते समय दोनों की तबीयत खराब हो गई। रास्ते में दोनों खेत पर गिर गए थे। ग्रामीणों इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने प्रधान को सूचित किया।
इसके बाद ग्राम प्रधान के पति अमित दोनों को अस्पताल लेकर गए। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही राजू की मौत हो गई। सुखवीर को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम विजय प्रताप सिंह व सीओ प्रखर पाण्डेय भी रात करीब 11 बजे गांव पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर रहे ग्रामीणों व परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। श्यौरामपुर प्रधान के पति अमित कुमार का कहना है कि छिड़काव के लिए खरीदी गई दवा का बिल मेरे पास है, एक्सपायरी दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है। लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
वर्जन
Iअभी मामले की पूरी जानकारी नहीं है, मामला अत्यंत गंभीर है। निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - नवीन कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारीI
Iशायद कीटनाशक दवा के छिड़काव व शराब के नशे के कारण मजदूर की मौत हुई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर नहीं मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रखर पाण्डेय, सीओ स्यानाI