सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र गोपालपुर स्थित एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार को 22 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्टरी प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट पर हंगामा किया। मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के गांव अधेल निवासी नदीम (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नदीम दो भाइयों में बड़ा था और गोपालपुर स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार शाम वह सामान्य रूप से ड्यूटी पर गया था। इसके बाद उसकी मौत की खबर आई। परिजनों का आरोप है कि उन्हें सूचना दिए बिना और उनके पहुंचने से पहले ही जारचा थाना पुलिस ने आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने गेट जाम कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया। उधर, जारचा पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।