सिकंदराबाद फैक्टरी पर हंगामा करते मृतक विशाल के परिजन संवाद
सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन फैक्टरी में ऊंचाई से गिरने के कारण मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने फैक्टरी मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
गांव सालेपुर कोतवाली दनकौर ग्रेटर नोएडा निवासी विशाल (23) औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में मजदूरी करते थे। शनिवार को वह फैक्टरी में ऊंचाई पर कार्य कर रहे थे। इस दौरान वह नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। फैक्टरी में कार्य कर रहे अन्य लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने फैक्टरी मालिक पर विशाल को बिना सेफ्टी किट के ऊंचाई पर कार्य कराने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि हादसे के बाद फैक्टरी से मालिक फरार हो गया। मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी थी। विशाल की 20 फरवरी को शादी होनी थी।