सिकंदराबाद। फैक्टरी से 20 टन लोहा चोरी करने के आरोप में कंपनी कर्मियों और कबाड़ियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी किया गया लोहा भी बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी सुधीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित डीपीएल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में वह महाप्रबंधक हैं। कंपनी के कर्मचारी विशाल ओझा, विजय कुमार, संदीप, शौर्य गौड, विक्की सरकार, योगेश कुमार शर्मा ने एक जुलाई की रात कबाड़ियों से मिलीभगत कर कंपनी से 20 टन लोहा चोरी कर लिया। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से चोरी किया गया पांच टन लोहा भी बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। संवाद