संवाद न्यूज एजेंसीचोला। क्षेत्र के गांव निवासी किसान ने खतौनी में नाम सही करने और दाखिल खारिज करने के नाम पर लेखपाल पर 4 हजार की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है।
गांव खानपुर निवासी किसान अनकपाल पुत्र परशादी सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बताया कि खतौनी में नाम सही करने और दाखिल खारिज करने के लिए उन्होंने 6 मई को क्षेत्रीय लेखपाल से बात की। जिस पर लेखपाल ने उन्हें तहसील में एक व्यक्ति से मिलने के लिए कहा। जब वह लेखपाल द्वारा बताए गए व्यक्ति से मिला तो उसने कहा कि लेखपाल साहब ने कागजात के साथ 4 हजार रुपए देने के लिए भी कहा है। जिस पर उसने लेखपाल द्वारा बताए गए व्यक्ति को कागजात और 4 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद भी लेखपाल ने उनका काम नहीं किया। तभी से वह अपने कार्य के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। फोन पर भी बार-बार लेखपाल से संपर्क कर रहे हैं मगर लेखपाल उन्हें आश्वासन देकर टरका रहा है। सुविधा शुल्क लेने के बाद भी उनका कार्य नहीं किया है। लेखपाल ने आरोप को निराधार बताया है। वहीं एसडीएम रेनू सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।