वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने और ग्रैप की दूसरी स्टेज लागू रहने पर जारी हुआ नोटिस
बुधवार को खुर्जा का एक्यूआई 290 और बुलंदशहर का 274 दर्ज, एक्यूआई बढ़ने पर लोगों की बढ़ेगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) की दूसरी स्टेज लागू रहने पर चार बड़े निर्माण कार्यों पर बृहस्पतिवार से रोक लगा दी गई है। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से बुधवार को संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र की दो और बुलंदशहर शहर की दो निर्माण परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, बुधवार को खुर्जा का एक्यूआई 290 और बुलंदशहर का 274 दर्ज किया गया। एक्यूआई बढ़ा तो लोगों की परेशानी भी बढ़ेगी।
दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई लगातार बढ़ने से दिवाली से पूर्व ही ग्रैप की दूसरी स्टेज लागू कर दी गई। जिसका असर बुलंदशहर में भी देखने को मिल रहा है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। ऐसे में सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रदूषण की रोकथाम के लिए निर्माण कार्यों पर सख्ती शुरू कर दी गई है। अन्य विभागों से भी इसमें सहयोग मांगा गया है लेकिन शहर में अभी भी जगह-जगह कूड़ा जलाने पर रोक नहीं लग पाई है।
मंगलवार रात औरंगाबाद के मैन बाजार में कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। इसके अलावा नगर के स्याना बस अड्डा के पास, मोहन डेयरी के सामने समेत अन्य स्थानों पर भी कूड़ा जलता मिला। वहीं, बुधवार को आनंद विहार कॉलोनी से राधानगर को जा रहे नाले की पटरी पर कूड़ा-कचरा जलता मिला। जिससे उठे धुएं से मार्ग से आने-जाने वालों को परेशानियां भी हुई लेकिन न तो किसी ने उसे बुझाया न ही कूड़ा जलाने से किसी को रोका जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बुलेटिन के अनुसार बुधवार को देश के 280 शहरों में खुर्जा 15वें और बुलंदशहर 20वें स्थान पर रहा। बुधवार को खुर्जा का एक्यूआई 290 और बुलंदशहर का 274 दर्ज किया गया।
इन चार निर्माण कार्यों पर लगाई गई रोक
प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से जिन चार कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र के मेसर्स जॉली इंजीनियरिंग वर्क्स और मेसर्स बर्जर पेंट्स शामिल हैं। इसके अलावा बुलंदशहर के यमुनापुरम स्थित मेसर्स एवेन्यू सुपरमार्केट्स लिमिटेड और मेसर्स गोल्डन नेस्ट बिल्डकॉन के निर्माण कार्यों पर भी रोक लगाई गई है। प्रदूषण विभाग की ओर से संबंधित संस्थाओं को निर्माण गतिविधियां बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रैप की दूसरी स्टेज के तहत धूल उड़ने से रोकने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए निर्धारित नियमों का पालन कराना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
कोट
वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण ग्रैप की दूसरी स्टेज के तहत कार्रवाई की जा रही है। चार निर्माण कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी कर निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदूषण के स्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - क्षितीश पटेल, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड