बुलंदशहर। बदलते मौसम में वायरल बुखार का प्रकोप बना हुआ है। इसको देखकर दिवाली पर 24 घंटे इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहेंगी। त्योहार के चलते आठ, नौ व 11 का अवकाश है। इस दिन ओपीडी सेवाएं बंद रहेगी। ऐसे में सात से 12 नवंबर के बीच इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने के लिए चिकित्सकों और कर्मचारियों को अवकाश नहीं मिलेगा। 12 नवंबर से ओपीडी सेवाओं के साथ इमरजेंसी सेवाएं मरीजों को मिलेंगी।
इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप है साथ ही दिवाली त्योहार पर काफी संख्या में लोग आतिशबाजी में झुलसकर या धुआं/ध्वनि से पीड़ित होकर चिकित्सालयों में आते हैं। इस दौरान चिकित्सालयों में चिकित्सक न मिलने पर मरीजों की हालत गंभीर हो जाती है। हालांकि कोर्ट के आदेश पर जिले में दो दिन ही आतिशबाजी छोड़ने की छूट दी गई है। वहीं, मार्गों पर भीड़ बढ़ने पर सड़क हादसों की भी संभावना बनी रहती हैं। किसी हादसे या गंभीर रोगी को उपचार देने के लिए सीएमओ ने सभी सरकारी चिकित्सालय प्रभारियों को 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने को कहा है।
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि दिवाली त्योहार पर सभी चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही उनके अवकाश पर रोक लगाने के निर्देश दिए है। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील है दिवाली पर ढीले कपड़े पहनने से बचें। आतिशबाजी छोड़ने के दौरान पानी पास में रखें। आतिशबाजी से जलने या अन्य कारण से जलने की स्थिति में जले हुए अंग पर सादा या नल का पानी डालें। ओपीडी सेवाएं आठ का रविवार, नौ व 11 नवंबर को बंद रहेंगी।