महिला क्रिकेट टीम के विश्वकप जीतने पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाती महिलाएं। संवाद
बुलंदशहर। आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्डकप जीतकर देश की महिला क्रिकेट टीम के विश्व विजेता बनने पर महिलाओं में उत्साह बना हुआ है। बुधवार को नगर के रामा एन्क्लेव में महिलाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। महिलाओं ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वकप जीतने पर अब परिजन भी अपनी बेटियों को क्रिकेट खेलने से नहीं रोक सकेंगे।
काॅलोनी निवासी सुमन एवं आंचल ने बताया कि पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्वकप जीत कर इतिहास रचा है। टीम इंडिया में शामिल खिलाड़ी दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी रोल मॉडल बन गई हैं। लक्ष्मी एवं पूनम ने कहा कि हरमनप्रीत कौर की शानदार कप्तानी, शानदार फील्डिंग के साथ वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीत कर देश भर को गौरवान्वित किया है। महिला टीम द्वारा वर्ल्ड कप जीता हमारे लिए बहुत खुशी की बात है।
ज्योति व सुमन ने कहा कि देश की महिला क्रिकेट टीम ने अपने जज्बे और मेहनत के साथ ही यह खिताब जीतकर देश के क्रिकेट प्रेमियों को जश्न मनाने का मौका दिया है। सुनीता व प्रवेश ने कहा कि पहले काफी परिवार अपनी बेटियों को क्रिकेट खेलने से रोकते। अब महिला टीम द्वारा विश्वकप जीतने के बाद शायद सभी अपनी बेटियों को क्रिकेट में आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे। इस दौरान अखिलेश, गुड़िया, रेखा, कमलेश, अंजली, माधुरी, अनीसा, संतोष, कविता एवं दुलारी समेत अन्य महिलाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।