पहासू। थाना क्षेत्र निवासी युवती ने तीन युवकों पर छेड़छाड़ और उनके भाई को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल युवती के भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
पहासू थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि सोमवार को वह खेत पर गन्ने काटने जा रही थीं। तभी अजीत, तोता व रामपाल ने उनको रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की। इसके बाद पीड़िता नजरअंदाज कर वहां से चली गईं। आरोप है कि खेत से घर जाते समय आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और अश्लील हरकत की। वह किसी तरह बचकर वहां से भागीं और घर आईं।
पीड़िता ने यह जानकारी परिजनों को दी। पीड़िता के भाई ने इसकी शिकायत तीनों आरोपियों के परिजनों से की। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे आरोपियों ने उनके भाई को खेत में पकड़ लिया और रॉड से बेरहमी से पीटा। पीड़िता के भाई को मरा हुआ समझकर आरोपी वहां से चले गए। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।