घर से खेत पर गई महिला की गला घोंटकर हत्या
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव भैयापुर में शनिवार देर शाम घर से शौच को गई एक महिला की गला दबाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों द्वारा जंगलों में ढूंढने पर महिला का शव एक खेत में बरामद हुआ। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मय फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंची। एसएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा कर स्थानीय पुलिस को निर्देेश दिए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भैयापुर निवासी पिंटू चौधरी की पत्नी विनीता (28) शनिवार देर शाम शौच के लिए पड़ोस के ही खेत में गई थी। काफी देर तक विनीता के वापस न आने पर परिजनों ने उसे खोजना शुरू कर दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद परिजनों को विनीता मृत अवस्था में पड़ोस के ही एक खेत में पड़ी हुई मिली। विनीता के गर्दन पर उसका दुपट्टा लिपटा हुआ था। विनीता का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं आनन फानन में परिजनों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आला अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। देर रात ही घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर मृतका के परिजनों से घटना की जानकारी कर पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई गला घोंटकर हत्या की पुष्टि
महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। हत्यारे ने सबूत मिटाने व लोगों को भ्रमित करने के लिए महिला का गला दबाने के बाद उसी दुपट्टे उसके गले मे लपेट दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दस वर्ष पूर्व हुई थी विनीता की शादी
कोतवाली अनूपशहर क्षेत्र के गांव दुगरऊ निवासी विनीता की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व भैयापुर निवासी पिंटू चौधरी के साथ हुई थी। मृतक विनीता की बहन की भी शादी पिंटू के भाई के साथ हुई थी।
महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना के हर पहलू पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- विवेक शर्मा, कोतवाली प्रभारी जहाँगीराबाद।