फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: पेड़ से लटका मिला महिला का शव, नीचे पड़ी थी देवर और मासूम बेटी की लाश; कुछ अनसुलझे सवाल, जिनके जवाब नहीं

Sat, 14 Mar 2026 11:03 AM IST
Akash Dubey संवाद न्यूज एजेंसी, खुर्जा (बुलंदशहर)

सार

खुर्जा के नेहरूपुर गांव की घटना है। मौके पर दो टूटे मोबाइल और खाने-पीने का सामान मिला है। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। पुलिस को आत्महत्या की आशंका है।जांच में टीमें जुटीं हैं।
विज्ञापन
बुलंदशहर में तीन की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र के नेहरूपुर गांव में रेल लाइन किनारे एक पेड़ से महिला देवी सरकार (32) का शव लटका मिला। नीचे उनकी पांच साल की बेटी सावंती और देवर सरल सरकार (28) के शव पड़े थे। पुलिस हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसकी भूमिका संदिग्ध है। घटना स्थल पर चिप्स, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल और दो टूटे हुए फोन मिले। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की।

विज्ञापन

आरपीएफ प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह इंजीनियरिंग विभाग के कीमैन सोनपाल रेलवे लाइन पर दैनिक जांच कर रहे थे। तभी उनको लाइन के किनारे पापड़ी के पेड़ पर एक महिला का शव लटका दिखा। जब वह नजदीक गए तो स्तब्ध रह गए। पेड़ के नीचे एक बच्ची और युवक का शव भी पड़ा हुआ था। उन्होंने 112 पर पुलिस और रेलवे विभाग को सूचना दी।

सुबह 7:55 बजे कंट्रोल रूम पर पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद खुर्जा देहात और खुर्जा नगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि शुरूआत में मृतकों की शिनाख्त नहीं हो रही थी। रेलवे लाइन के एक तरफ माछीपुर और एक तरफ नेहरूपुर गांव हैं। ग्रामीण मृतकों को नहीं पहचानते थे। इसके बाद पुलिस टीम ने शिनाख्त शुरू की।

मृतक पहनावे से पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर प्रतीत हो रहे थे। इसके बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मजदूरों से पूछताछ की तो शिनाख्त हो गई। इसमें महिला की पहचान देवी सरकार (32), मृतक युवक महिला का देवर सरल सरकार (28) और मृत बच्ची महिला की बेटी सावंती (5) के रूप में हुई। महिला और उसका पति अपिश्वर खुर्जा जंक्शन मार्ग स्थित अमित पॉटरी में मजदूरी करते थे और वहीं पॉटरी के पीछे बने कमरे में रहते थे।

देवर सरल सरकार मुंडाखेड़ा में स्थित डिलक्स पॉटरी में मजदूरी करता था और नेहरूपुर में किराए पर रहता था। पुलिस ने महिला के पति को खुर्जा जंक्शन रोड स्थित एक किराए के कमरे से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है।

तीन दिन पहले पति को छोड़कर आ गई थी देवर के पास
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला और उसके देवर के बीच अक्सर बातचीत होती थी। 11 मार्च को अपिश्वर और देवी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद देवी ने अपने देवर को फोन किया और लगभग 28 मिनट तक फोन पर बात हुई। इसके बाद देवी अपनी बच्ची सावंती को लेकर देवर के पास रहने चले गईं। शुक्रवार सुबह तीनों के शव खेत के किनारे मिले। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे, घटनास्थल पर अन्य किसी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं थी और मृतकों के पास नकदी व गहने मिले हैं तो प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे।

मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं मृतक
सीओ ने बताया कि महिला देवी सरकार मूलरूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जनपद स्थित पूर्वा मल्लापुरा गांव की रहने वाली थीं जो खुर्जा स्थित पॉटरी में अपने पति अपिश्वर के साथ मजदूरी करती थीं। साथ में मजदूरी करने वाले लोगों ने बताया कि अपिश्वर और देवी सरकार लगभग ढाई महीने पहले खुर्जा आए थे और सरल सरकार लगभग छह महीने से खुर्जा में रह रहा था।

शुरुआती जांच में यह बात आई सामने
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह का कहना है कि घटनाक्रम आत्महत्या का है। अनुमान है कि पहले महिला समेत तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो। इसके बाद महिला ने गला दबाकर सरल सरकार और बच्ची की हत्या की हो। फिर रस्सी बांधकर फंदे से लटककर आत्महत्या की हो। महिला के पति को घटना की कोई जानकारी नहीं है।

कुछ अनसुलझे सवाल, जिनके जवाब नहीं

1. पेड़ की टहनी पर रस्सी से छह इंच नीचे दूसरी टहनी पर बंधा था महिला का दुपट्टा, जिस पर कोई लटका नहीं मिला

2. दो दिन से थे तीनों साथ थे तो पार्टी के लिए खेत पर आने की वजह

3. तीन लोगों को खाने के लिए लाए थे आठ बड़े चिप्स के पैकेट, जिसमें दो ही खुले थे

4. एक मोबाइल फोन शव के पास तो दूसरा खेत की तरफ मिला

5. एक महिला कैसे एक पुरुष का अकेले गला दबा सकती है

6. दुपट्टा मिलना स्वभाविक, लेकिन सात से आठ फुट लंबी प्लास्टिक की रस्सी मौके पर कैसे आई

7. प्रेम में यदि दोनों को आत्महत्या करनी थी तो बच्ची की हत्या का क्या कारण

8. दो दिन तक पत्नी और बच्ची घर से बाहर थी तो पति को मामले की जानकारी कैसे नहीं हुई

10. आत्महत्या या हत्या से पूर्व मोबाइल तोड़ने का कारण स्पष्ट नहीं
विज्ञापन

पति से पूछताछ में ये बात आई सामने
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि पति ने पूछताछ में बताया है उसका छोटा भाई सरल सरकार अविवाहित था। वह उसके साथ रहना चाहती थी, इसके लिए आए दिन घर में झगड़ा करती थी। कई बार वह उसके पास रहने के लिए भी चली गई। इस कारण पुलिस से शिकायत नहीं की थी। पत्नी लगातार उस पर शादी के लिए दवाव बना रही थी, लेकिन उसने शादी करने से इनकार कर दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें