डिबाई। हाईवे पर गांव अफजलपुर पर शुक्रवार दोपहर सिकंदराबाद डिपो की रोडवेज ने बाइक सवार पति-पत्नी व पुत्री को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गुड़िया देवी (45) की मौके पर मौत हो गई, जबकि पति और पुत्री घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। छतारी थाना क्षेत्र के गांव चौगानपुर निवासी रामफल सिंह (45) शुक्रवार दोपहर रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए बाइक से अपनी पत्नी गुड़िया (42) और पुत्री योगिता (14) के साथ गांव घोसीपुरा ससुराल जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें डिबाई से मिठाई आदि खरीददारी करनी थी। हादसे के बाद दिल्ली से बदायूं जा रही रोडवेज के चालक परिचालक मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायलों को उपचार को सीएचसी भिजवाया, यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद रामफल व योगिता को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने बस में सवार पचास से अधिक सवारियों को अन्य वाहनों से अपने गंतव्य को रवाना किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिलने पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करेगी।