संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदराबाद। साहब पिछले दो साल से राशन नहीं मिला है। पति मजदूरी करते हैं। राशन नहीं मिलने से अब गुजर-बसर करने में परेशानी होने लगी है। राशन कार्ड बनवाने के लिए दो साल में कई बार अधिकारियों से संपर्क किया लेकिन कार्ड नहीं बनवाया गया। शनिवार को सिकंदराबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची पीड़ित महिला ने डीएम से राशन कार्ड बनवाने की मांग की। सभी तहसीलों में समाधान दिवस पर कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मात्र 20 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका।
सिकंदराबाद तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। गांव गांगरौल निवासी पुष्पा देवी ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके पति मजदूरी करते हैं, उनके तीन बच्चे हैं। राशन कार्ड में त्रुटि के कारण उनका राशन कार्ड बेटी के नाम पर बना दिया गया था। दो साल पूर्व उनकी बेटी की मौत हो गई, जिसके बाद से उन्हें राशन नहीं मिला। पिछले दो साल में उन्होंने कई बार राशन कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों से संपर्क किया लेकिन, उनका राशन कार्ड नहीं बनवाया गया। डीएम ने आपूर्ति अधिकारी को महिला का राशन कार्ड तीन दिन के भीतर बनवाने के निर्देश दिए हैं।
दूसरा मामला गांव ख्ववासपुर का है। गांव निवासी सतवीर शर्मा ने बताया कि रास्ते पर गांव निवासी युवक ने अतिक्रमण कर रखा है। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज की गई लेकिन, दो साल में भी रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटवाया गया। दो साल में वह जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी से कई बार समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गांव मंडावरा निवासी करन सिंह ने बताया कि चकरोड की पैमाइश कराने को लेकर वह कई बार समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन, पैमाइश नहीं कराई गई।
डीएम और एसएसपी के समक्ष कुल 30 फरियादियों ने शिकायती पत्र पेश किए। कुल चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शिकायतों में 11 राजस्व, 7 पुलिस और 12 अन्य विभागों से संबंधित थी। शेष शिकायतों को निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों निर्देश दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम प्रफुल्ल कुमार शर्मा, सीओ पूर्णिमा सिंह समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय और तहसील स्तरीय अफसर मौके पर मौजूद रहे।
तहसीलवार शिकायतों का विवरण
तहसील
प्राप्त शिकायतें
निस्तारित की गई शिकायतें
सिकंदराबाद
30
04
बुलंदशहर
56
03
खुर्जा
23
01
अनूपशहर
48
06
शिकारपुर
18
02
डिबाई
23
02
स्याना
19
02
कुल
217
20