सिकंदराबाद। प्रेमी की मौत के बाद विवाहिता ने भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। रविवार की शाम विवाहिता औद्योगिक क्षेत्र के गांव सांवली में किराये के कमरे में लटकी मिलीं।
मृतका के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने उनकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी।
सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार की शाम पुलिस को औद्योगिक क्षेत्र के गांव सांवली निवासी युवक ने सूचना दी कि शनिवार की शाम में एक 40 वर्षीय महिला ने उनका कमरा किराये पर लिया था। इसके बाद से कमरे का दरवाजा बंद है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया तो महिला फंदे से लटकी हुईं थीं। महिला को फंदे से उतारा गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी शिनाख्त जनपद फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में हुई और परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व वह अपने प्रेमी के साथ चली गई थीं। इसके संबंध में उन्होंने थाने पर गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व उनके प्रेमी की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। सीओ ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।