शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गत 17 अगस्त को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। वहीं, अब मृतका के परिजनों ने एक युवक पर उनकी बेटी से शादी करने से इन्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी के हिमांशु से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। हिमांशु ने पहले बेटी को शादी करने का आश्वासन दिया लेकिन बाद में शादी करने से मना कर दिया। 17 अगस्त को उनकी बेटी हिमांशु के घर पर शादी की बात करने गई थी।
आरोपी ने उसे वहां से यह कहकर भगा दिया कि मैं शादी नहीं करुंगा। चाहे वह कहीं भी जाकर मर जाए। आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने उसी दिन दोपहर घर पर आकर फंदे से लटक कर जान दे दी।
सीओ मधुप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता विजेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।