शिकारपुर। पीड़िता ने शादी का झांसा देकर उसकी फोटो को लेकर एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने ब्लैकमेल किए जाने और उसका निकाह तुड़वाने का भी आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी उवेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी पीड़िता ने बताया कि उनका निकाह डासना निवासी युवक के साथ दो नंबर को होना तय हुआ था। आरोप है कि धौलाना जनपद हापुड़ निवासी उवेश ने उसकी फोटो एडिट कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दीं। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा।
एडिट की गईं फोटो होने वाले ससुराल पक्ष को दिखाईं और निकाह करने पर उनके होने वाले पति को जान से मारने की धमकी दी। इससे उनका रिश्ता टूट गया। बताया कि आरोपी की धमकी और प्रताड़ना से तंग आकर वह मानसिक तनाव में आ गई।
तनाव की वजह से 29 सितंबर को आत्महत्या करने के इरादे से ऑलआउट पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिन तक वह अस्पताल में भर्ती रही। पीड़िता ने आरोपी पर उन्हें और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।