जहांगीराबाद। कस्बे के मोहल्ला रामगढ़ी में एक ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखे अपने ही गहने छुड़ाने पहुंची एक महिला और उसके परिजनों पर दुकानदार ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के बहनोई को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला के द्वारा एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि करीब दो वर्ष पूर्व घरेलू जरूरतों के चलते उसने स्थानीय ज्वेलर्स के पास 11 हजार रुपये में सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी (लगभग 12 ग्राम) और एक जोड़ी चांदी की सेफ्टी पायल गिरवी रखी थी। महिला का कहना है कि वह समय-समय पर ब्याज की रकम दुकानदार को देती रही, लेकिन पूरी मूल राशि एक साथ जमा नहीं कर पाई थी। गत 8 फरवरी को जब महिला रकम लेकर जेवर लेने पहुंची, तो दुकानदार ने रजिस्टर न मिलने का बहाना बनाकर उसे टाल दिया। आरोप है कि 11 फरवरी की शाम जब वह अपनी बहन और बहनोई के साथ दोबारा दुकान पर पहुंची, तो दुकानदार ने कहा कि सामान गल गया है और अब जेवर वापस नहीं मिल सकते। जब महिला और उसके परिजनों ने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो दुकानदार और उसके परिजनों ने आपा खो दिया। विरोध करने पर दुकानदार और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
कोट:
- पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - विकास प्रताप सिंह चौहान, सीओ अनूपशहर