संवाद न्यूज एजेंसी
बुगरासी। बस स्टैंड स्थित मेडिकल स्टोर संचालक के चालू खाते से एक लाख रुपये ठगों ने निकाल लिए। कुछ समय के अंतराल में दो बार में खाते से रुपये निकले के आए मेसेज से व्यापारी को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित व्यापारी ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने क्राइम ब्रांच में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी है।
थाना क्षेत्र के गांव रवानी कटीरी निवासी व्यापारी उमेश कुमार का बुगरासी बस स्टैंड पर ओम मेडिकल स्टोर है। उमेश कुमार ने बताया कि उनके बेटे मुनेंद्र लोधी के नाम करंट अकाउंट है। इस अकाउंट में दवा से संबंधित रुपये का लेनदेन होता है। रविवार शाम अचानक दो मेसेज 1999 रुपए और 98000 रुपये खाते से निकलने के आए। ओटीपी भी मोबाइल पा आया था, जो किसी ने नहीं पूछा और न ही किसी को दिया गया। एक लाख रुपये खाते से निकलते ही व्यापारी ने तत्काल 1930 पर ऑनलाइन शिकायत कर अकाउंट से लेनदेन पर रोक लगवा दी। सोमवार को बैंक से स्टेटमेंट निकाली गई, जिसमें यूपीआई के द्वारा एक लाख की ट्रांजेक्शन हुई है। व्यापारी ने घटना को लेकर स्थानीय पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने क्राइम ब्रांच बुलंदशहर में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी है। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि ट्रांजेक्शन होने के बाद से लगातार अभी भी ओटीपी आ रहे हैं। लेनदेन पर रोक लगने के कारण फिलहाल अकाउंट में धनराशि सुरक्षित है।