जहांगीराबाद और लखावटी क्षेत्र के 200 से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों को फॉल्ट के कारण होने वाली बिजली कटौती से राहत मिल जाएगी। अब इन क्षेत्रों में ओवरलोडिंग के कारण फॉल्ट नहीं होंगे। पावर कारपोरेशन ने 220 केवीए चांदौक बिजलीघर से निकल रही 132 केवीए जहांगीराबाद और 132 केवीए लखावटी की लाइनों को अलग-अलग कर दिया गया है।
220 केवीए चांदौक बिजलीघर से जहांगीराबाद के 132 केवीए बिजलीघर को सप्लाई जाती है। इसी लाइन से 132 केवीए लखावटी को भी सप्लाई दी जाती थी। आए दिन इस लाइन में ओवरलोडिंग के कारण फॉल्ट होता था। इससे सैकड़ों गांवों की आपूर्ति ठप रहती थी। इससे निजात पाने के लिए किसान लंबे समय से मांग कर रहे थे।
इसको देखते हुए पावर कारपोरेशन ने दोनों लाइनों को अलग करने का काम शुरू किया था। करीब चार माह बाद दोनों लाइनों को अलग-अलग कर दिया। शनिवार को ट्रांसमिशन अफसरों ने दोनों लाइनों को अलग-अलग कर ऊर्जीकृत कर दिया।
अब जहांगीराबाद, लखावटी और औरंगाबाद क्षेत्र के करीब 200 से ज्यादा गांवों को फॉल्ट के कारण बिजली कटौती नहीं झेलनी होगी।