अहमदगढ़ के गांव मामऊं में मृतक रवि सैनी के घर पर जांच करती पुलिस। संवाद
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मामऊ निवासी युवक रवि कश्यप ने सोमवार को घर में ही फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। दो दिन पूर्व उसकी पत्नी अपनी रिश्तेदारी में गई थी। परिजनों का कहना है कि उसने रविवार को भी आत्महत्या की कोशिश की थी।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मामऊ निवासी रवि कश्यप का शव सोमवार दोपहर को उसके ही घर में फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और जांच के बाद पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक की माता जयंती देवी ने बताया है कि उनका पुत्र शराब का आदी था। दो दिन पूर्व रवि की पत्नी अपने किसी रिश्तेदारी में गई हुई थी। युवक का परिजनों से कलह चल रहा था। उसने रविवार को भी घर में ही आत्महत्या की कोशिश की थी। लेकिन, बाद में उसे समझा बुझाकर शांत करा दिया गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी मोहसिन खान ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।