शादी, सगाई व अन्य समारोह में रोक के बावजूद हर्ष फायरिंग थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं, अब नगर के मोहल्ला रामनगर में मंगलवार शाम को सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग हो गई। इस दौरान एक महिला ने हर्ष फायरिंग कर दी, लेकिन गोली उसके पति के बाजु में जा लगी। घायल पति उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। उसे हापुड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुलावठी पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।
नगर के मोहल्ला रामनगर में एक युवक का मंगलवार को सगाई समारोह था। सगाई समारोह में युवक का चचेरा भाई और चचेरे भाई की पत्नी भी सम्मिलित होने के लिए आई थीं। सगाई के दौरान कुछ रिश्तेदारों ने हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिस युवक की सगाई थी उसके चचेरे भाई ने अपनी पत्नी से हर्ष फायरिंग करने को कहा और हथियार पत्नी को दे दिया। पत्नी ने हर्ष फायरिंग की तो गोली उसके पति के ही बाजु में जा लगी।
परिजनों ने घायल युवक को हापुड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वह आईसीयू में है, हालांकि, वर्तमान में वह खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है घायल युवक मुजफ्फरनगर मंडी थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग में तैनात है। उसकी कुछ माह पूर्व ही शादी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। न ही कोई तहरीर मिली है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।