छतारी। थाना क्षेत्र के दिवालखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार रात को दंपती के बीच झगड़ा हो गया। इसमें पत्नी के सिर में चोट लग गई और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है। हालांकि अभी किसी ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
जनपद अलीगढ़ के दादो थाना क्षेत्र स्थित नगला हीरा गांव निवासी नौबत सिंह ने बताया कि करीब आठ साल पहले उन्होंने अपनी बेटी ममता (32) की शादी छतारी थाना क्षेत्र के दिवालखेड़ा निवासी बॉबी के साथ की थी। बॉबी को शराब की लत है, जिसके चलते पति - पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता है। कई बार ग्रामीण व परिवार के लोग झगड़े को शांत कराते थे।
आरोप है कि बृहस्पतिवार रात को भी बॉबी शराब पीकर घर आया था और बिना किसी कारण ममता को पीटने लगा। ममता ने विरोध किया तो बॉबी ने उसको जोर से धक्का दिया, जिसमें वह जमीन पर गिर गईं। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। गिरते ही वह बेसुध हो गईं। परिजनों ने आवाज लगाई तो शरीर में कोई हरकत नहीं हुई।
इसके बाद परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों उन्हें मृत घोषित कर दिया। ममता की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सीओ डिबाई शोभित कुमार ने बताया कि मामले में अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। झगड़े के दौरान चोट लगने से महिला की मौत हो गई। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।