संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में एक विवाहिता ने कहासुनी के बाद अपने भाई और जीजा को बुलाकर पति पर हमला करा दिया। लाठी-डंडों और लोहे के कड़े से किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। देहात पुलिस ने विवाहिता के ससुर की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात में गांव मिर्जापुर निवासी पीड़ित टीकम सिंह ने बताया है कि बीते दिनों उसकी पुत्रवधू मीनाक्षी करीब एक माह बाद अपने मायके से ससुराल आई थी। उसके बेटे अजय ने पुत्रवधू से पूछा कि किसके साथ आई हो, तो उसने अपने भाई के साथ आने की जानकारी दी। इसके बाद पुत्रवधू मीनाक्षी ने अपने भाई बादल और जीजा रोहित को गांव मिर्जापुर अपनी ससुराल बुला लिया। उक्त दोनों के साथ अन्य दो आरोपी अंकित और लालू निवासी गांव दौलतगढ़ भी आए थे। आरोपियों ने उसके बेटे अजय की लाठी-डंडे, लोहे के कड़े और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। शोर सुनकर लोगों के एकत्र होने पर आरोपी भविष्य में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। देहात पुलिस ने मामले में चारों आरोपी रोहित, बादल, अंकित एवं लालू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले में देहात पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।