संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक शिक्षिका समेत दो लोगों के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1.55 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित पक्षों ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले में साइबर सेल की मदद से जांच कर रही है।
नगर के भूड़ क्षेत्र निवासी अनु एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। पीड़िता अनु के अनुसार शुक्रवार को उसके मोबाइल पर अज्ञात शख्स की कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए एटीएम कार्ड बंद करने की जानकारी दी। आरोपी की बातों में आकर उसने एटीएम कार्ड नंबर समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दे दी, जिसके बाद उसके खाते से 65 हजार रुपये निकाल लिए गए। फोन पर आए मेसेज से उसे खाते से रुपये निकलने का पता चला। इसी तरह नगर के मोहल्ला साठा निवासी राजीव ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात ठग द्वारा उनके बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। उसके खाते से समस्त धनराशि को ऑनलाइन दूसरे खाते में ट्रांसफर किया गया है। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले में साइबर टीम की मदद से जांच कर ठगों का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है।