खुर्जा। एनएच-91 पर मीरपुर गांव के बाहर रोडवेज बस से उतरते वक्त महिला का पैर फिसल गया और वह बस के नीचे आ गई। आरोपी चालक महिला को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। इसमें महिला की मौत हो गई। अन्य यात्रियों के शोर मचाने पर आरोपी चालक बस छोड़कर भाग गया।
खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि नगला शेखू गांव निवासी महेंद्री (50) पत्नी गजराज सिंह निजी कार्य से अलीगढ़ की ओर गई थी। मंगलवार शाम को अलीगढ़ से रोडवेज बस में सवार होकर वापस गांव लौट रही थी। जब वह मीरपुर गांव के बाहर पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो उन्होंने बस रुकवाई। आरोपी चालक ने बस की रफ्तार कम की और उनको उतरने को बोल दिया। तभी जल्दी उतरने के चलते उनका पैर फिसल गया और वह बस के पहिये के नीचे गिर गई। आरोपी चालक ने बस बढ़ा दी और महिला को रौंदते हुए आगे निकल गया। महिला की चीख सुनकर अन्य यात्रियों ने भी उनको बचाने के लिए शोर मचाया। आरोपी चालक बस को छोड़कर वहां से भाग गया। हादसे के बारे में परिजनों को अवगत करा दिया गया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बस को कब्जे में ले लिया गया है।