अपर पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे अरनिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाईवे स्थित रनियावली बस स्टॉप से दो आरोपियों अभिषेक उर्फ आशू उर्फ कालिया और गुड्डू उर्फ कालू निवासी गांव रनियावली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ध्यानपाल की हत्या करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक ने बताया कि वह टीएचडीसी दशहरा कंपनी के लिए सिविल वर्क में लेबर सप्लाई का काम करता है। उसने ध्यानपाल को कुछ दिनों की मजदूरी पर काम पर लगाया था। काम छोड़ने के बाद रुपये भी दे दिए गए थे, लेकिन ध्यानपाल और रुपये मांग रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
गत 18 सितंबर की शाम अभिषेक अपने साथी गुड्डू के साथ खेत में बैठकर शराब पी रहा था। तभी वहां ध्यानपाल भी पहुंच गया। तीनों ने साथ में शराब पी, लेकिन शराब खत्म होने के बाद और मंगवाने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर अभिषेक ने नीम के पेड़ से डंडा तोड़कर ध्यानपाल पर हमला कर दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद पत्थर की पटिया से ध्यानपाल के चेहरे, सिर और सीने पर कई वार किए, ताकि उसकी पहचान भी न हो सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और पत्थर की पटिया बरामद कर ली है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।