खुर्जा। नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर और अन्य व्यवस्थाओं की कमी देखने को मिली। खुर्जा के जेएएस इंटर कॉलेज, आदर्श शिशु मंदिर इंटर कॉलेज और एसएमजेईसी इंटर कॉलेज मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर खराब मिली। ऐसे में वृद्घ और दिव्यांग मतदाओं को लड़खड़ाते हुए बूथ में आना पड़ा।
नगर निकाय चुनाव को लेकर खुर्जा में 40 मतदान केंद्रों पर 118 बूथ तैयार किए गए थे। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाए होने का दावा किया गया था। मगर मतदान के दिन अधिकांश केंदों पर अव्यवस्थाएं देखने को मिली। कई जगह पानी और शौचालय की व्यवस्था नहीं थी, तो कुछ केंद्रों के बाहर जाम लगने और भीड़ होने के कारण मतदाता निराश होकर वापस लौट गए। वहीं नेहरूपुर चुंगी, कालिंदी कुंज, तरीनान मोहल्ला, मदार दरवाजा मोहल्ला और सिटी स्टेशन प्राथमिक विद्यालयों के बाहर कूड़े के ढेर लगे रहे। इसके अलावा मतदान केंद्रों के अंदर व्हीलचेयर की व्यवस्था भी खराब नजर आई।
जेएएस इंटर कॉलेज में पांच बूथ बनाए गए थे, जहां पर दो वार्ड 6 और अन्य दो वार्ड का मतदान किया गया। इसमें आठ हजार से अधिक मतदाताओं का मतदान होना था। केंद्र में दिव्यंग और वृद्घ के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। मुख्य द्वार से करीब 600 मीटर अंदर बूथ बनाए गए थे। वहां तक जाने के लिए वृद्घ और दिव्यंग को पैदल जाना पड़ रहा था। केंद्र में उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर खराब मिली, जिस कारण काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। वहीं रिफा ए आम इंटर कॉलेज में व्हीलचेयर बाहर उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में हनुमान टिला निवासी 82 वर्षीय कुसुम मित्तल ने बताया कि पहले मतदान केंद्र के अंदर चली गई तो पता चला की व्हीलचेयर खराब है। साथ में बेटे केे आने की अनुमति नहीं दी गई। बाद में विधायक द्वारा मौके पर पहुंचने के बाद बेटे को साथ में अंदर जाने की अनुमति दी गई।