जिले में इस बार गेेहूं-चावल का वितरण देरी से होगा। अभी तक गोदाम से उठान को ऑनलाइन चालान नहीं बन पाए हैं। जबकि उठान 21 तारीख से शुरू होने का प्रावधान है। यह समस्या कुछ दुकानदारों द्वारा राशि जमा न करने और वेबसाइट गड़बड़ाने से हुई है।
बता दें कि जिले में फूड सिक्योरिटी एक्ट में 6.50 लाख परिवार शामिल हैं। इनको हर महीने 74 हजार क्विंटल गेेहूं और 49 हजार क्विंटल चावल का आवंटन किया जाता है। नियम यह है कि परिवार के प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं-चावल दिया जाता है। गोदाम से दुकानों पर राशन पहुंचाने की प्रक्रिया प्रत्येक माह की 21 तारीख से शुरू होती है।
इससे पहले दुकानदारों से राशन की राशि और उसके बाद विभागीय वेबसाइट पर चालान काटने की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके बाद ही गोदाम से गेहूं-चावल का उठान शुरू होता है। मगर, इस बार अभी कुछ दुकानदारों ने राशन की राशि जमा नहीं की और आजकल विभागीय वेबसाइट भी गड़बड़ा रही है।
जिसके चलते चालान नहीं कट पा रहे। हालांकि इस समस्या को लेकर अफसर लखनऊ में संपर्क कर रहे हैं लेकिन अभी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
गोदाम से गेहूं-चावल का उठान समय पर करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभागीय अफसरों से समस्या को जल्द दूर करने की बात कही है। जिन दुकानदारों ने राशन की राशि जमा नहीं की है, उनसे संपर्क किया जा रहा है। केबी सिंह, डीएसओ