पोर्टल से जुड़ेंगे क्रय केंद्र, पंजीकरण पर ही होगी गेहूं खरीद
बुलंदशहर। जनपद में न्यूनतम मूल्य समर्थन योजना में गेहूं खरीद की तैयारी पूरी हो गई है। 106 क्रय केंद्रों पर खाद्य एवं विपणन विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से खरीद होगी। इस बार सभी क्रय केंद्रों को जियो टैगिंग से जोड़ा गया है। गेहूं की खरीद बृहस्पतिवार यानी आज से शुरू हो रही है।
विभागीय अफसरों ने बताया कि इस बार गेहूं खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए पोर्टल से क्रय केंद्र क्षेत्रवार गांव से संबद्ध कर दिए गए हैं। किसान अपना गेहूं संबद्ध क्रय केंद्र पर ही बेच सकेंगे। इस बार खरीद प्वाइंट ऑफ परचेज यानी पॉश मशीन से होगी। गेहूं खरीद के लिए बनाए गए 106 क्रय केंद्रों में से 87 पीसीएफ, 14 खाद्य निगम, चार एफसीआई और एक क्रय केंद्र मंडी समिति को आवंटित किया गया है। इन केंद्रों को ऑनलाइन किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार क्रय केंद्र पर पहुंचने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। क्रय केंद्र पर गेहूं 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। गेहूं खरीद के समय शासन और विभाग की ओर से जारी किए गए सभी नियमों का पालन किया जाएगा। गेहूं खरीद के लिए इस बार शासन ने पारदर्शिता बरतने के लिए सख्त आदेश दिए हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेया-ए-करीम ने बताय कि जियो टैगिंग में किसानों का आधार कार्ड लिंक होगा। इसमें किसान अपने प्रतिनिधि के रूप में एक अन्य व्यक्ति का पंजीकरण करवा कसता है। क्रय केंद्र पर बायोमीट्रिक से सत्यापन होगा। इसके बाद ही खरीद की जाएगी। गलत पंजीकरण कराने वाले या फिर विभाग को सही जानकारी न देने वालों पर कार्रवाई होगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेया-ए-करीम ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते किसान को क्रय केंद्र पर मास्क लगाना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि डीएम रविंद्र कुमार ने आदेश जारी किया है कि क्रय केंद्र पर गेहूं लेकर पहुंचने वाले किसानों को वैक्सीनेशन के लिए भी जागरूक किया जाए।