क्रय केंद्र पर किसानों को साफ करके लाना होगा गेहूं
बुलंदशहर। सरकारी क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने की तैयारी कर रहे किसानों को अपनी फसल घर से ही साफ करके लाना होगा। केंद्र पर गेहूं को साफ किया गया तो इसका पैसा किसानों से ही लिया जाएगा। इसके लिए सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनपद में एक अप्रैल से सरकारी गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है। गेहूं खरीद के लिए जनपद में 106 क्रय केंद्र खोले गए हैं। अब क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक भी शुरू हो गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेया-ए-करीम ने बताया कि प्रदेश सरकार ने गेहूं की नई व्यवस्था निर्धारित कर दी है। इसमें किसानों को अपनी फसल यानी गेहूं साफ करके ही क्रय केंद्र पर पहुंचना होगा। यदि साफ गेहूं क्रय पर नहीं पहुंचा तो वहां पर क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा मजदूर लगाकर उसे साफ करवाया जाएगा। इसके लिए किसान से ही पैसा लिया जाएगा। इसलिए किसान क्रय केंद्र पर साफ गेहूं लेकर ही पहुंचे। उन्होंने बताया कि जनपद में गेहूं की खरीद 15 जून तक जारी रहेगी। इस बार शासन ने गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। इसलिए इस बार निर्बाध गेहूं की खरीद होगी। उन्होंने किसानों से भी अपना पंजीकरण करवाने का आह्वान किया है ताकि उन्हें गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपये मिल सके।
क्रय केंद्रों पर गेहूं की बढ़ी आवक, 40 किसानों से 2055 क्विंटल गेहूं की खरीद
बुलंदशहर। जनपद में सरकारी क्रय केंद्रों पर सोमवार से गेहूं की आवक बढ़ने लगी है। क्रय केंद्र पर गत शनिवार को गेहूं पहुंचा था। पहले दिन चार किसानों से 166 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई थी। जबकि मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्रय केंद्रों पर 40 किसानों से 2055 क्विंटल की खरीद की गई। खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेया-ए-करीम ने बताया कि अब क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक बढ़ने लगे हैं। बुधवार से क्रय केंद्रों पर गेहूं की आवक और अधिक बढ़ने की संभावना है।