रेड जोन में पहुंचा जिला, एक साथ 20 मिले संक्रमित
बुलंदशहर। एक अप्रैल से जनपद में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। सोमवार को 20 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक्टिव केस 100 से अधिक होने पर जनपद रेड जोन में शामिल हो गया है। वहीं, गत अप्रैल माह में अब तक 84 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और वर्तमान में 102 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है। इसके बावजूद न तो लोग मास्क पहन रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
विगत वर्ष कोरोना संक्रमण के दौरान अप्रैल माह में 65 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद कोरोना संक्रमित की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती चली गई। ठीक उसी प्रकार गत वर्ष अप्रैल माह के शुरू होते ही कोरोना संक्रमित की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जनवरी माह में जहां 235 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं, फरवरी माह में मात्र 62 और मार्च माह में 55 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। एक अप्रैल से अब तक 84 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जिसके चलते जनपद में अब सक्रिय मामलों की संख्या 100 के पार यानी 102 हो गई है, जिससे जनपद रेड जोन में शामिल हो गया है। विभागीय अफसरों ने अनुसार, शासन ने 100 से अधिक केस होने वाले जनपदों में विशेष सावधानी बरतने के आदेश दिए हैं, लेकिन लोग जागरूकता के बाद भी लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे जनपद में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि हो रही है। अगर लोगों ने अभी भी मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया तो हालात फिर बिगड़ सकते हैं।
इन स्थानों पर मिले कोरोना संक्रमित
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि सोमवार को नगर के आवास विकास प्रथम व फ्रेंडर्स कॉलोनी में दो-दो और सुशीला विहार, गिरधारी नगर, पन्नी नगर, शास्त्रीनगर व हरि नगर निवासी एक-एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा लखावटी, नरौरा व सिकंदराबाद क्षेत्र में दो-दो और स्याना, शिकारपुर, पहासू, डिबाई व खुर्जा क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जनपद में संक्रमण के अब कुल 6411 केस हो गए हैं। अब तक 6215 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 94 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 102 लोगों का उपचार चल रहा है, जिसमें 77 होम आइसोलेशन में हैं।
103 सेशन में 8584 ने लगवाया टीका
कोरोना संक्रमण के मामले जहां प्रतिदिन आ रहे हैं। वहीं, कोरोना से बचाव के लिए रविवार को छोड़कर शेष अन्य दिनों में टीकाकरण किया जा रहा है। सोमवार को 86 स्थानों पर 103 सेंशन चलाकर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया गया। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि टीकाकरण सत्र में लोगों की सक्रियता बढ़ गई है। पहले से अधिक संख्या में लोग टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। बताया कि सोमवार को जनपद के 103 सेंशन में 8584 लोगों को टीका लगाया गया।
सोमवार को 20 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। साथ ही दो लोगों को डिस्चार्ज किया गया। लोगों से अपील है कि कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करें, साथ ही जिनकी उम्र 45 से अधिक है वो टीकाकरण जरूर करवाएं।
- डॉ. भवतोष शंखधर, सीएमओ
कोरोना पर भारी पड़ रहा चुनावी जोश
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। पंचायत चुनाव का जोश कोरोना के खौफ पर भारी पड़ रहा है। जनपद में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और दो निकाय में होने वाले उपचुनाव को लेकर समर्थकों की भीड़ कोविड नियमों को नजरअंदाज करने रही है।
जिले में अंतिम चरण में 29 अप्रैल को मतदान होने से दावेदारों को प्रचार-प्रसार करने का समय काफी मिला है, जिसे वो छोड़ना नहीं चाहते हैं। वहीं, अप्रैल माह में कोरोना संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्कता बरतने का पाठ पढ़ा रहा है। इसके बावजूद दावेदार और उनके समर्थक बेपरवाह बने हुए हैं। वह गांव में वोट मांगने के लिए समर्थकों की भीड़ के साथ जा रहे हैं। इस चुनावी जोश के आगे कोविड-19 गाइड लाइन का पालन करने को कोई तैयार नहीं है और तो और दावेदार गैर प्रांतों से परिजन व समर्थकों को भी बुलाने लगे हैं। वहीं, नामांकन में भी भीड़ जुटाने को लेकर तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में संक्रमण के तेजी से फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार ने बताया कि शासन के आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को लेकर जनपद में धारा-144 लगी हुई है और जो कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करेगा उसपर भी कार्रवाई होगी।
कोरोना के चलते मुशायरा हुआ स्थगित
- जिला प्रदर्शनी में आज रात होना था मुशायरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में सोमवार को होने वाला मुशायरा स्थगित कर दिया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ने पर जिला प्रदर्शनी समिति की बैठक में सदस्यों की राय पर कार्यक्रम को स्थगित किया गया है, जबकि इससे पूर्व तीन बड़े कार्यक्रमों को भी जिला प्रशासन द्वारा स्थगित कर दिया गया था।
जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में पांच मार्च को मुशायरा प्रस्तावित था। इससे पूर्व जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं, मुशायरे में भारी भीड़ के आने का अनुमान लगाया गया, जिसे समय से पूर्व कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। वहीं, इससे पूर्व 25 मार्च को उदित नारायण नाइट, 27 मार्च को कैलाश खेर की बॉलीवुड नाइट और 30 मार्च को असित त्रिपाठी की बॉलीवुड नाइट भी स्थगित की जा चुकी है। समिति के सदस्यों ने विचार विमर्श करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर प्रदर्शनी में होने वाले बड़े कार्यक्रमों से संक्रमण फैलने की संभावना है। अगर संक्रमण फैला तो जिला प्रशासन व प्रदर्शनी की छवि खराब होगी। जिसके चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।