जिले में गेहूं तौल केंद्र बंद हुए तीन दिन गुजर गए हैं। इसके बाद भी केंद्राें पर 400 मीट्रिक टन गेहूं बाहर पड़ा हुआ है। जिले में 96 हजार मीट्रिक टन गेहूं का लक्ष्य मिला था। 108 केंद्रों पर 86 हजार 47 एमटी गेहूं खरीदा गया। लक्ष्य का नब्बे प्रतिशत गेहूं खरीदकर जनपद मेरठ मंडल में पहले पायदान पर रहा।
नियमानुसार अब तक गेहूं के एक एक बोरे को एफसीआई गोदाम में भंडारित कर दिया जाना चाहिए था, लेकिन विपणन अफसर और क्रय एजेंसियों के अफसरों के ढुलमुल रवैए के कारण अभी भी 400 एमटी गेहूं केंद्रों पर पड़ा हुआ है। भंडारण में लापरवाही का आलम यह है कि अफसरों ने बाहर पड़े गेहूं की सुध लेना अब तक मुनासिब नहीं समझा।
जिला विपणन अधिकारी अविनाश चंद ने बताया सोमवार या मंगलवार तक गेहूं का एक एक दाना एफसीआई गोदाम में भंडारित कर दिया जाएगा। ट्रांसपोर्ट में कुछ परेशानी होने से गेहूं के भंडारण में अड़चन आ रही है।