बुलंदशहर। कड़ाके की ठंड का दौर शुरु होने वाला है। रविवार व सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मौसम का मिजाज बदलेगा। बूंदाबांदी होने के साथ तापमान गिरेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बूंदाबांदी के बाद वायु प्रदूषण से भी निजात मिलेगी।
तापमान में गिरावट के पीछे मुख्य कारण पहाड़ों से ठंडी हवाओं का मैदानी क्षेत्रों में चलना बताया जा रहा है। जिसके कारण रात में ठंड बढ़ गई है। वहीं, दूसरी ओर पिछले कई दिन से हवा की बढ़ी गति से भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। तेज हवाओं के चलने से भी दिन में भी ठंड का अहसास बढ़ गया है।
उत्तर पश्चिम हवाएं शाम और सुबह ठंड का अहसास करा रही हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 45 फीसदी और हवा की तीव्रता आठ किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। इस बीच अब हवा की गति बढ़ने से तापमान में गिरावट और सर्दी का असर बढ़ने लगा है। इस समय पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना बढ़ी है।
यदि ऐसा होता है तो बूंदाबांदी होने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड में इजाफा होगा। रविवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बूंदाबांदी हुई तो प्रदूषण से भी निजात मिलेगी।