अहार क्षेत्र में गंगा का पानी कम होने से दिख रहा कटान। संवाद
आहार/नरसेना/अनूपशहर/नरौरा। रौद्र रूप दिखा रही गंगा के जलस्तर में बृहस्पतिवार को गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, निचले इलाकों और खेतों में अभी भी पानी भरा हुआ है। अनूपशहर में गंगा घाटों से पानी उतरने से लोगों ने राहत की सांस ली है। पहाड़ों पर बारिश और बिजनौर बैराज से लगातार छोड़े गए पानी से गंगा ने रौद्र रूप धारण किया था। आहार क्षेत्र में कटान से सिद्ध बाबा घाट की सड़क, खेत और वन विभाग की जमीन बह गई। बुधवार को गंगा का जलस्तर सिद्ध बाबा की प्रतिमा के पास तक पहुंच गया। अनूपशहर क्षेत्र में भी खेत और फसलें गंगा में समा गई थीं। जलस्तर कम होने पर भी खेतों में पानी भरा है, जिससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता है। किसान नेत्रपाल, विजेंद्र, हुकुम सिंह, शीशपाल और देवेंद्र ने रोजी-रोटी के गंभीर संकट की बात कही। उन्होंने शासन-प्रशासन से नुकसान का निष्पक्ष सर्वेक्षण और उचित आर्थिक सहायता मांगी है। एसडीएम अनूपशहर अरुण कुमार वर्मा ने राजस्व टीम द्वारा आकलन और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गंगा बैराज पर बीते 24 घंटे में जलस्तर में छह हजार क्यूसेक की कमी दर्ज की गई है। बैराज से नदी की डाउनस्ट्रीम में 110176 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। जल लेखा सहायक देवेश कुमार ने बताया कि जलस्तर अभी ‘’लो फ्लड’’ श्रेणी में है। बैराज से एलसीसी नहर में 8099 क्यूसेक और पीएलजीसी नहर में 6677 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बिजनौर बैराज से और पानी छोड़े जाने पर गंगा का जलस्तर फिर बढ़ सकता है।